निगम आयुक्त आईएएस अभिषेक खन्ना ने किया पदभार ग्रहण,जिला कलक्टर से की शिष्टाचार भेंट
निगम आयुक्त आईएएस अभिषेक खन्ना ने किया पदभार ग्रहण,जिला कलक्टर से की शिष्टाचार भेंट
उदयपुर। नगर निगम आयुक्त पद पर आईएएस अभिषेक खन्ना ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। आयुक्त अभिषेक खन्ना ने पदभार ग्रहण के करने के पश्चात नगर निगम प्रशासक एवं जिला कलक्टर नमित मेहता सहित प्रमुख शासकीय अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की। भेंट के दौरान उनकी उदयपुर शहर में चल रहे विभिन्न कार्यों पर संक्षिप्त चर्चा हुई। आयुक्त ने जिला कलक्टर से मानसून के दौरान शहर में जलभराव जैसी समस्या नहीं हो ओर सफाई व्यवस्था संतुष्ट प्रद रहे इसको लेकर पूरी तरह आश्वस्त किया है। इसी के साथ केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं जो निगम के माध्यम से क्रियान्वित की जाती है उनका लाभ सभी पात्र व्यक्तियों को जल्द से जल्द मिल सके ऐसी व्यवस्था लागू की जाएगी। जिला कलक्टर से भेट के पश्चात निगम आयुक्त खन्ना ने संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमाणि से भी शिष्टाचार भेंट की।
निगम के प्रमुख अधिकारियों के साथ ली बैठक
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने पदभार ग्रहण कर पहले दिन ही निगम की सभी शाखा प्रभारीयो के साथ बैठक कर शहर में चल रहे विभिन्न कार्यों की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। आयुक्त ने कहा कि संपादित होने वाले सभी कार्य समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण संपूर्ण हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निगम के मूल भुत कार्य जैसे सफाई, बिजली, सड़क आदि सुविधा से कोई वंचित या परेशान न हो ऐसी व्यवस्था उपलब्ध करवाना आदि कार्य प्राथमिकता में रहेंगे।
रथ यात्रा मार्ग का किया अवलोकन, अधिकारियों को दिए निर्देश
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना गुरुवार को निगम अधीक्षण अभियंता मुकेश पुजारी, अधिशाषी अभियंता अखिल गोयल, लखन लाल बैरवा, रितेश पाटीदार, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक नरेंद्र श्रीमाली, सुभाष चंद्र शर्मा सहित निर्माण, स्वास्थ्य, गैराज शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भगवान जगन्नाथ स्वामी रथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।आयुक्त काला जी गोरा जी चौराहा से रंग निवास, भटियाणी चौहट्टा, जगदीश चौक, घंटाघर आदि क्षेत्र का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयुक्त खन्ना ने संपूर्ण मार्ग पर सफाई व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था आदि का प्रबन्ध समुचित रखते हुए इन कार्यों में अतिरिक्त कर्मचारी लगने के निर्देश दिए।