महापौर के निरीक्षण में सार्वजनिक शौचालयों के व्यवस्था में दिखी कमी , संबंधित फर्म को नोटिस जारी। तीन दिवस में सफाई एवं रखरखाव व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, अन्यथा होगी नियमानुसार कार्रवाई।
Date Published : 19 Nov 2026 07:22 PM

महापौर के निरीक्षण में सार्वजनिक शौचालयों के व्यवस्था में दिखी कमी , संबंधित फर्म को नोटिस जारी,तीन दिवस में सफाई एवं रखरखाव व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, अन्यथा होगी नियमानुसार कार्रवाई।

उदयपुर। नगर निगम महापौर पारस सिंघवी द्वारा शहर में सफाई व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में महापौर द्वारा बैंक तिराहा एवं सूरजपोल स्टेशन रोड स्थित सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों सार्वजनिक शौचालयों में गंदगी एवं रखरखाव के अभाव में उनकी स्थिति बदहाल पाई गई। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निगम द्वारा इस मामले में शौचालयों का संचालन एवं रखरखाव करने वाली संस्था सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन को नोटिस जारी किया गया है।

नगर निगम द्वारा जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि 12 अक्टूबर 2021 के अनुबंध एवं 29 नवंबर 2021 के कार्यालय आदेश के तहत बैंक तिराहा एवं सूरजपोल स्टेशन रोड स्थित जन-सुविधाओं एवं सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई तथा रखरखाव का दायित्व संबंधित संस्था को सौंपा गया है। इसके लिए नगर निगम द्वारा संस्था को प्रतिमाह 8,470 रुपये का भुगतान भी किया जा रहा है। इसके बावजूद महापौर के निरीक्षण में दोनों सार्वजनिक शौचालयों में गंदगी एवं रखरखाव का अभाव पाया गया। शौचालयों की स्थिति जर्जर एवं निर्माण जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पाया गया, जिससे आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधा प्रभावित हो रही है। निगम ने इसे अनुबंध एवं कार्यादेश की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए संस्था को नोटिस जारी कर तीन दिवस में जवाब प्रस्तुत करने तथा दोनों शौचालयों की सफाई, मरम्मत एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Latest News