महापौर ने किया जगदीश चौक स्थित आसीन्द की हवेली पार्किंग का औचक निरीक्षण, अनियमितताएं मिलने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश। स्कूटर लेकर खुद पार्किंग स्थल पर पहुंचे महापौर, पर्यटकों से अभद्र व्यवहार और निर्धारित दरों से अधिक राशि वसूलने का मामला आया सामने, नगर निगम स्वयं संभालेगा पार्किंग संचालन।
महापौर ने किया जगदीश चौक स्थित आसीन्द की हवेली पार्किंग का औचक निरीक्षण, अनियमितताएं मिलने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश,स्कूटर लेकर खुद पार्किंग स्थल पर पहुंचे महापौर, पर्यटकों से अभद्र व्यवहार और निर्धारित दरों से अधिक राशि वसूलने का मामला आया सामने, नगर निगम स्वयं संभालेगा पार्किंग संचालन।
उदयपुर। नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने निगम पार्षद विजय आहूजा , वैभव भंडारी आदि के साथ मंगलवार को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल जगदीश चौक स्थित आसिंद की हवेली के ऊपरी तल पर संचालित पार्किंग स्थल का औचक निरीक्षण किया। पार्किंग व्यवस्था में अनियमितताओं की शिकायतों और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए महापौर स्वयं स्कूटर लेकर पार्किंग स्थल पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पार्किंग संचालन में कई अनियमितताएं सामने आईं। इस पर महापौर ने राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर, राजस्व निरीक्षक विजय जैन, निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी को मौके पर बुलाकर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि पार्किंग स्थल पर कार्यरत कर्मचारी पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग शुल्क की दरों को भी निर्धारित स्थान पर प्रदर्शित नहीं किया गया था। निर्धारित दरों की सूची डिस्प्ले पर नहीं होने से पर्यटकों को पार्किंग शुल्क की सही जानकारी नहीं मिल पा रही थी। वहीं, ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की बात भी सामने आई।
महापौर पारस सिंघवी ने स्वयं स्कूटर पार्क करने के दौरान जब पार्किंग शुल्क जमा करवाया, तब कर्मचारी द्वारा निर्धारित राशि से अधिक शुल्क की मांग की गई। इस स्थिति को देखते हुए महापौर ने मौके पर ही मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर आम नागरिकों और पर्यटकों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार अथवा निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली स्वीकार नहीं की जाएगी। महापौर ने कहा कि जगदीश चौक उदयपुर का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल पर पार्किंग व्यवस्था का सुव्यवस्थित होना और पर्यटकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना आवश्यक है। पार्किंग संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाले ठेकेदार का दायित्व है कि वह नगर निगम द्वारा निर्धारित नियमों, शुल्क दरों और शर्तों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करे। नियमों की अनदेखी कर पर्यटकों को असुविधा पहुंचाना नगर निगम के लिए स्वीकार्य नहीं है।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान ठेकेदार की सेवाएं समाप्त कर पार्किंग का संचालन नगर निगम के कर्मचारियों के माध्यम से करवाने की व्यवस्था की जाए, ताकि पार्किंग शुल्क की वसूली निर्धारित दरों के अनुसार हो और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पर्यटन स्थलों पर आने वाले नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा पार्किंग स्थलों पर निर्धारित शुल्क, स्पष्ट सूचना पट्ट और उचित व्यवहार सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए हैं।