खुले में मीट व्यवसाय करने वालों को नगर निगम ने जारी किए नोटिस। निर्देशों की पालना नहीं करने पर लाइसेंस होंगे निरस्त।
खुले में मीट व्यवसाय करने वालों को नगर निगम ने जारी किए नोटिस,निर्देशों की पालना नहीं करने पर लाइसेंस होंगे निरस्त।
उदयपुर। शहर में खुले में मीट व्यवसाय करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित व्यवसायियों को नोटिस जारी किए हैं। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा मीट व्यवसाय को निर्धारित नियमों एवं निगम के निर्देशों के अनुरूप संचालित करवाना है।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा ने खुले में मीट व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी कर आवश्यक निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि नोटिस में दिए गए निर्देशों की पालना नहीं करने वाले व्यवसायियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों की अवहेलना जारी रहने पर संबंधित दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। इस कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे। निगम द्वारा दिये गए नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी। सभी संबंधित व्यवसायियों से निगम के निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप ही व्यवसाय संचालित करने की अपील की गई है।
यह है नियम।
शहर में वे सभी मिट व्यवसायी जिनको नगर निगम द्वारा अनुज्ञा जारी की गई है वह कांच के बॉक्स में एवं पूरी तरह व्यवस्थित एवं स्वच्छ वातावरण में यह व्यवसाय करेंगे जिससे कि आसपास किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं फैले, साथ ही स्वच्छता को लेकर भी सरकार द्वारा नियम एवं निर्देश जारी किए गए हैं उनकी भी पालन सुनिश्चित करनी होगी।