मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम की सख्त कार्रवाई,शोभागपुरा क्षेत्र में मिठाई की दुकान और मोबाइल शोरूम के बाहर से हटाए टेंट,निगम आयुक्त की चेतावनी, अतिक्रमण के खिलाफ लगातार जारी रहेगी करवाई महापौर ने की व्यापारियों से अपील, जनहित में अपनी दुकान की सीमा में रहकर करें व्यापार
मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम की सख्त कार्रवाई,शोभागपुरा क्षेत्र में मिठाई की दुकान और मोबाइल शोरूम के बाहर से हटाए टेंट,निगम आयुक्त की चेतावनी, अतिक्रमण के खिलाफ लगातार जारी रहेगी करवाई,महापौर ने की व्यापारियों से अपील, जनहित में अपनी दुकान की सीमा में रहकर करें व्यापार
उदयपुर। शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और आमजन को अतिक्रमण से होने वाली परेशानी से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा रविवार को मुख्य मार्गों पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कई शोरूम एवं दुकानों के बाहर मुख्य मार्ग पर 10 से 20 फीट तक टेंट लगाकर किए गए अतिक्रमण से यातायात बाधित हो रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए निगम की टीम ने शोभागपुरा क्षेत्र में कार्रवाई कर शिवगौरा मिठाई की दुकान और फ्यूजन मोबाइल शोरूम के बाहर लगाए गए टेंट हटाए।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया गया है कि शहर में किसी भी प्रकार का स्थायी अथवा अस्थायी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक मार्गों पर अवैध रूप से टेंट लगाकर या सामान रखकर रास्ता बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम का उद्देश्य मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर यातायात को सुचारू करना और आमजन को राहत प्रदान करना है। आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया है कि निगम द्वारा कभी भी दुकानों के बाहर सामान रखने की अनुमति नहीं दी जाती है।
अब जेसीबी से हटाए जाएंगे अवैध टेंट
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि रविवार को निगम द्वारा श्रमिकों की सहायता से दुकानों के बाहर लगाए गए टेंट हटाए गए हैं। इसके बावजूद यदि किसी दुकानदार ने अपनी दुकान के बाहर सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से टेंट लगाया, तो आगामी कार्रवाई में जेसीबी की सहायता से उसे हटाया जाएगा। इस कार्रवाई में टेंट को कोई नुकसान हुआ तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित टेंट मालिक और दुकानदार की होगी। आयुक्त खन्ना ने कहा कि एक दुकानदार द्वारा अतिक्रमण किए जाने पर अन्य दुकानदारों को भी ऐसा करने की प्रेरणा मिलती है। इससे धीरे-धीरे सार्वजनिक मार्ग संकरे हो जाते हैं और वाहन चालकों सहित आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसलिए सभी व्यापारी अपनी दुकान की निर्धारित सीमा में रहकर ही व्यवसाय करें और शहर की जनता के आवागमन में बाधा उत्पन्न नहीं करें। आयुक्त ने टेंट व्यापारियों से भी कहा है कि ऑर्डर आने पर भी वह अपने टेंट सड़क सीमा में नहीं लगाए ओर निगम को सहयोग करें।
महापौर ने व्यापारियों से की अपील
नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने शहर के व्यापारी वर्ग से अपील करते हुए कहा कि सभी व्यापारी अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर किसी भी प्रकार का अवैध स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण करने से बचें। दुकानों के बाहर सामान अथवा टेंट लगाकर ग्राहकों के वाहन खड़े करने की जगह घेर लेने से आमजन को परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। महापौर ने कहा कि व्यापार को बढ़ावा देने के लिए ग्राहकों को सुविधाजनक वातावरण देना आवश्यक है। यदि दुकानों के बाहर वाहन पार्किंग के लिए उपलब्ध स्थान पर अतिक्रमण कर लिया जाएगा, तो ग्राहक अपने वाहन कहां खड़े करेंगे? ऐसी परिस्थितियों में ग्राहकों को परेशानी होती है और वे खरीदारी के लिए अन्य व्यावसायिक स्थलों एवं बड़े शॉपिंग मॉल की ओर रुख कर सकते हैं। महापौर पारस सिंघवी ने सभी व्यापारियों से शहरहित में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि अतिक्रमण मुक्त सड़कें, सुचारू यातायात और ग्राहकों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था शहर के विकास एवं व्यापार की बेहतरी के लिए आवश्यक हैं। नगर निगम आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अतिक्रमण के खिलाफ अपनी कार्रवाई निरंतर जारी रखेगा।