दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहरहित में कार्य करूंगा—महापौर पारस सिंघवी, नगर निगम के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक संपन्न, महापौर ने प्रस्तुत किया आठ सूत्रीय विकास कार्यक्रम
Date Published : 15 Oct 2026 08:05 AM

उदयपुर। नगर निगम उदयपुर के नवनिर्वाचित बोर्ड की प्रथम बोर्ड बैठक बुधवार को नगर निगम के बोर्ड बैठक कक्ष में महापौर पारस सिंघवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी दीपावली-दशहरा मेले की व्यवस्थाओं, आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने तथा शहर की व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान सभी नवनिर्वाचित पार्षदों ने अपना परिचय दिया। बैठक में उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, उपमहापौर दिनेश भट्ट  सहित सभी पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया। उन्होंने नए बोर्ड के गठन से पूर्व नगर निगम द्वारा किए गए कार्यों तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी साझा करते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ शहर विकास को गति देने की आवश्यकता पर जोर दिया।


शहरहित सर्वोपरि, सभी पार्षदों को साथ लेकर करेंगे कार्य।
निगम महापौर पारस सिंघवी ने अपने पहले संबोधन में कहा कि उदयपुर की जनता ने विश्वास जताकर उन्हें शहर की सेवा का अवसर दिया है। महापौर के रूप में वे इस दायित्व को अधिकार नहीं, बल्कि सेवा और जवाबदेही का माध्यम मानते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम का प्रत्येक निर्णय शहरहित और जनकल्याण को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी पार्षदों को साथ लेकर उदयपुर के विकास के लिए कार्य करेंगे। सदन में विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं के जनप्रतिनिधि हो सकते हैं, लेकिन सभी का साझा उद्देश्य उदयपुर का विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए। शहरहित में आने वाले सकारात्मक सुझावों का स्वागत किया जाएगा तथा विपक्ष के पार्षदों द्वारा उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों को भी गंभीरता से सुना जाएगा। महापौर ने कहा कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से समृद्ध उदयपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाना बोर्ड की प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए योजनाबद्ध कार्य, अधिकारियों के साथ समन्वय, नियमित समीक्षा और जनसहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


महापौर ने प्रस्तुत किया आठ सूत्रीय विकास कार्यक्रम।
महापौर पारस सिंघवी ने आगामी कार्यकाल के लिए शहर विकास की आठ प्रमुख प्राथमिकताएं सदन के समक्ष रखीं।

स्वच्छ एवं सुंदर उदयपुर।
शहर में नियमित सफाई, घर-घर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों एवं बाजारों की स्वच्छता और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को प्रभावी बनाया जाएगा। स्वच्छता अभियान में आमजन और व्यापारिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास होगा।

झीलों का संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा।
पिछोला, फतेहसागर सहित शहर की झीलों और जलाशयों के संरक्षण, जल प्रदूषण की रोकथाम, सीवेज प्रबंधन तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।

बेहतर सड़कें, यातायात एवं पार्किंग।
सड़कों की मरम्मत, प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में सुधार, बाजारों और पर्यटन स्थलों के आसपास पार्किंग की समस्या के समाधान तथा सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर जोर रहेगा।

प्रत्येक वार्ड का संतुलित विकास।
सभी वार्डों को समान महत्व देते हुए सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। पार्षदों के सुझावों के आधार पर वार्डवार आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा।

व्यापार, पर्यटन एवं रोजगार को प्रोत्साहन।
बाजारों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और पर्यटन स्थलों के आसपास बेहतर प्रबंधन के माध्यम से व्यापारियों, पर्यटन व्यवसायियों, हस्तशिल्पियों और छोटे दुकानदारों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

डिजिटल एवं जवाबदेह नगर निगम।
नागरिक शिकायतों के पंजीकरण, उनकी प्रगति की जानकारी और समयबद्ध समाधान की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता तथा अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाएगा।

गरीब एवं जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता।
शहर के पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों को अधिक सुलभ एवं सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सुशासन, पारदर्शिता एवं जनसहभागिता।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उपलब्ध संसाधनों का जनहित में अधिकतम उपयोग करते हुए कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी।

सांसद एवं विधायकों ने दिया पूर्ण सहयोग का भरोसा।
उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने महापौर पारस सिंघवी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र सरकार की सभी जनोपयोगी योजनाओं को उदयपुर में प्रभावी ढंग से लागू करवाना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। इसके लिए नगर निगम को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंच सके।

वही उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने भी अपने संबोधन में शहर के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उदयपुर की आवश्यकताओं और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। इसी के साथ उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने राज्य सरकार की ओर से शहर विकास के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने तथा आवश्यक योजनाओं के क्रियान्वयन में उदयपुर नगर निगम को राज्य सरकार का सहयोग हमेश प्राप्त होगा।


दीपावली-दशहरा मेले को सफल बनाने पर विशेष चर्चा।
बोर्ड बैठक में आगामी दीपावली-दशहरा मेले के आयोजन को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। मेले की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाने, नागरिकों एवं पर्यटकों की सुविधाओं का ध्यान रखने और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श हुआ। महापौर पारस सिंघवी ने मेले की संपूर्ण जिम्मेदारी वरिष्ठ पार्षद प्रमोद सामर को देते हुए कहा कि उदयपुर की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं से जुड़े आयोजनों को बेहतर व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराना नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

महापौर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने, समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपेक्षा की।


बैठक के समापन पर शहर के सर्वांगीण विकास, प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया। महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि आगामी पांच वर्षों में बोर्ड का प्रयास रहेगा कि उदयपुर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, बेहतर यातायात, पर्यटन सुविधाओं और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करे।

निगम खरीदेगा 6 वाहन।
निगम की पहली बोर्ड बैठक में महापौर पारस सिंघवी द्वारा निगम की सुचारू व्यवस्था के लिए 6 चारपहिया  वाहन क्रय करने का प्रस्ताव रखा। महापौर सिंघवी ने उपस्थित पार्षदों को अवगत कराया की निगम की सुविधा को देखते हुए एवं कई समय से वाहन की कमी के चलते व्यवस्थित कार्य करने में हो रही समस्या के चलते यह निर्णय लिया है ओर बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा गया है जिसको सर्वसम्मति से पास किया गया।
पार्षदों के कार्य को देनी होगी प्राथमिकता।

नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने निगम अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा है कि निगम के सभी पार्षदों के आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें संपन्न करवाया जाए जिससे आम जन में निगम की सकारात्मक छवि प्रस्तुत की जा सके। पार्षद जनहित के कार्यों को लेकर निगम अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत होते हैं जिनको हर हाल में प्राथमिकता के आधार पर संपन्न करवाने होंगे।
बैठक के अंत ने उपमहापौर दिनेश भट्ट द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Latest News