सेवा सेतु अभियान में शहरवासियों को मिल रहा विभिन्न सेवाओं का लाभ,नामांतरण से 13.50 लाख और यूडी टैक्स से 27.51 लाख रुपये की आय
उदयपुर। नगर निगम उदयपुर द्वारा संचालित सेवा सेतु अभियान के तहत शहरवासियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नगरीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध करवाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ ही विभिन्न विभागीय कार्यों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य संबंधी 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 का निस्तारण किया गया। जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र से संबंधित 150 प्रकरणों में 110 प्रमाण पत्र जारी किए गए। शहर में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लाइट ठीक करने एवं नई लाइट लगाने के 21 कार्यों में से 17 का निस्तारण किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के लिए 20 पौधों का रोपण किया गया।
शिविर प्रभारी एवं निगम उपायुक्त हरि सिंह देवल ने बताया कि राजस्व संग्रहण को लेकर भी अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। नामांतरण के 88 प्रकरणों से 13.50 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। वहीं, नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) के 27 प्रकरणों से 27.51 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 21 प्रकरणों में ऋण संबंधी कार्यवाही की गई। पालनहार योजना के 6 लाभार्थियों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया के साथ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) से संबंधित 2 प्रकरणों में भी कार्यवाही की गई।
शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पार्क में 200 वर्ग मीटर क्षेत्र में सफाई कार्य करवाया गया। नगर निगम द्वारा सेवा सेतु अभियान के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाने, लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने तथा शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।