निगम कर्मचारियों ने निकाली तिरंगा यात्रा,भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
निगम कर्मचारियों ने निकाली तिरंगा यात्रा,भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
उदयपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर निगम की ओर से रविवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर आयोजित इस यात्रा में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देशभक्ति की भावना के साथ तिरंगा लेकर शहर में यात्रा निकाली।
नगर निगम कार्यालय टाउन हॉल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा को नगर निगम उपायुक्त डॉ. नरेश सोनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा टाउन हॉल से सूरजपोल पहुंची और विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः नगर निगम कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
तिरंगा यात्रा के दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा, स्वास्थ्य प्रभारी शेखर शर्मा, मोहमद यासीन आदि अधिकारी-कर्मचारी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। इस दौरान “भारत माता की जय” सहित विभिन्न देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
यात्रा के माध्यम से नगर निगम की ओर से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
नगर निगम उपायुक्त डॉ नरेश सोनी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।