नगर निगम ने शुरू की हेरिटेज वॉक एवं मार्गदर्शित यात्रा सेवा, पहले चरण में जल विरासत मार्ग का शुभारंभ,आधुनिक तकनीक से पर्यटक जानेंगे उदयपुर की जीवंत विरासत,ऑडियो गाइड के माध्यम से भी जानकरी लेंगे पर्यटक,राजस्थान में पहली बार नगर निगम उदयपुर में एनएफसी की-चेन हुई लॉन्च,आधुनिक तरीके से विरासत को हेरिटेज वॉक के माध्यम से आरम्भ करने वाला पहला निगम बना उदयपुर।
Date Published : 09 Aug 2026 07:15 PM

नगर निगम ने शुरू की हेरिटेज वॉक एवं मार्गदर्शित यात्रा सेवा, पहले चरण में जल विरासत मार्ग का शुभारंभ,आधुनिक तकनीक से पर्यटक जानेंगे उदयपुर की जीवंत विरासत,ऑडियो गाइड के माध्यम से भी जानकरी लेंगे पर्यटक,राजस्थान में पहली बार नगर निगम उदयपुर में एनएफसी की-चेन हुई लॉन्च,आधुनिक तरीके से विरासत को हेरिटेज वॉक के माध्यम से आरम्भ करने वाला पहला निगम बना उदयपुर।

उदयपुर। उदयपुर नगर निगम द्वारा शहर की समृद्ध विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों एवं पर्यटकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार को हेरिटेज वॉक एवं मार्गदर्शित यात्रा सेवा का शुभारंभ उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, नगर आयुक्त अभिषेक खन्ना, पूर्व सभापति एवं समाजसेवी रविंद्र श्रीमाली, गजपाल सिंह, अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा आदि के कर कमलों द्वारा किया गया।

अनुभवी संस्था का किया चयन।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया की रविवार से प्रारंभ हुई हेरिटेज वॉक में देश की अनुभवी संस्था गूंज इंडिया का चयन किया गया है। इस संस्था को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण जैसी संस्थाओं के साथ कार्य करने का व्यापक अनुभव है, तथा यह तकनीक-आधारित विरासत पर्यटन की सोच पर कार्य करती है।इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से उदयपुर के इतिहास, संस्कृति और विरासत को अधिक सहज एवं रोचक तरीके से लोगों तक पहुँचाना है। इस ऑडियो गाइड की एक विशेषता यह है कि यह जीपीएस आधारित है अर्थात जैसे ही कोई पर्यटक संबंधित विरासत स्थल के निर्धारित क्षेत्र में पहुँचता है, यह प्रणाली उसकी स्थान को स्वतः पहचान लेती है और उस स्थान से जुड़ी ऑडियो गाइड अपने आप शुरू हो जाती है, जिससे ऐसा अनुभव होता है मानो स्वयं वह स्थान अपनी कहानी पर्यटक को सुना रहा हो।

जल विरासत मार्ग से हुई शुरुआत
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार हेरिटेज वॉक के प्रथम चरण में जल विरासत मार्ग का शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से उदयपुर की जल विरासत, ऐतिहासिक जल संरचनाओं तथा शहर के विकास और जीवन में जल की भूमिका को समझने का अवसर मिलेगा। मार्ग के ऑडियो गाइड की पटकथा इतिहास की प्राध्यापक एवं विरासत विशेषज्ञ रिद्धि जोशी ने तैयार की है। इसमें स्मारकों और स्थापत्य के साथ उनसे जुड़े लोगों, उनके जीवन तथा शहर की सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं को भी प्रमुखता दी गई है। 
दुनिया में हमारी मेवाड़ से पहचान।
कार्यक्रम में उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने अपने आप को गौरवान्वित महसूस करते हुए कहा कि हमारी पहचान हमारे मेवाड़ से है, दुनिया में किसी भी स्थान पर हम जाते हैं तो बड़े सम्मान के साथ हमारा स्वागत अभिनंदन किया जाता है, यह हमारी विरासत एवं संस्कृति के कारण ही संभव हुआ है। रावत ने इस हेरिटेज वॉक पहल का उद्देश्य केवल उदयपुर की मूर्त विरासत जैसे ऐतिहासिक स्थलों, स्थापत्य और जल संरचनाओं को लोगों तक पहुँचाना नहीं है, बल्कि शहर की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत को भी समझना है। उदयपुर की वास्तविक सांस्कृतिक पहचान उसके स्मारकों के साथ-साथ उसके लोगों, उनके जीवन, परम्पराओं, व्यवसायों और रोजमर्रा के अनुभवों में भी निहित है। इसी दृष्टिकोण से यह पहल लोगों को शहर को उसके लोगों और उनके जीवन के माध्यम से जानने का अवसर प्रदान करेगी।
विरासत का संरक्षण करना हमारी जिम्मेदारी।
हेरिटेज वॉक शुभारम्भ कार्यक्रम में शहर विधायक ताराचंद जैन द्वारा उपस्थित जनसमूह का आवाहन करते हुए कहा कि हमें हमारे पूर्वजों द्वारा जो विरासत दी गई है उसका संरक्षण करना हमारी पहली प्राथमिकता है। हम आज इस विरासत के कारण ही पहचाने जाते हैं इसी विरासत को देखने हजारों की संख्या में देसी एवं विदेशी पर्यटक हमारे यहां पहुंचते हैं इसलिए इसका संरक्षण हम सब की जिम्मेदारी है।
पूर्व महाराणा को किया याद।
शुभारम्भ कार्यक्रम में पूर्व सभापति रविंद्र श्रीमाली द्वारा इस हेरिटेज वॉक में पूर्ण मेवाड़ राजघराने के सदस्य दिवंगत महाराणा अरविंद सिंह को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इस कार्य को लेकर के दिवंगत महाराणा द्वारा भरसक प्रयास  किए थे, उनके द्वारा तत्कालीन नगर परिषद को आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव भी रखा गया था। श्रीमाली ने कहा कि इस विरासत को समझने एवं जानने के लिए दिवंगत महाराणा अरविंद सिंह मेवाड़ के योगदान को भी भूलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम में ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा एवं समाजसेवी गजपाल सिंह द्वारा भी नगर निगम की इस पहल को सार्थक एवं शहर में आने वाले पर्यटकों हेतु आवश्यक बताते हुए शहर वासियों को भी इसमें अपना सहयोग देने हेतु अपील की है।
ऑडियो गाइड से भी मिलेगी जानकारी।
संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक प्रज्ञा केवलरमानी ने बताया कि शहर में नगर निगम द्वारा ऐतिहासिक कार्य आरंभ किया है। उदयपुर की विरासत को समझने एवं नजदीक से देखने हेतु हजारों पर्यटक यहां पहुंचते हैं। इस कार्य में तकनीकी का उपयोग करते हुए ऑडियो गाइड के माध्यम से भी पर्यटक इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। संभागीय आयुक्त के अनुसार वर्तमान में अंग्रेजी एवं हिंदी भाषा में यह ऑडियो गाइड उपलब्ध है आने वाले समय में फ्रेंच, कोरियाई, जर्मन, स्पेनिश सहित अन्य भाषाओं में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
राजस्थान में पहली बार नगर निगम उदयपुर में एनएफसी की-चेन हुई लॉन्च।
कार्यक्रम में इसके बाद एनएफसी चिप युक्त की चैन भी लॉन्च किया गया। यह तकनीक राजस्थान में पहली बार उदयपुर में प्रस्तुत की गई है और अपने प्रकार की एक अनूठी पहल है। इस विशेष कीचैन को एनएफसी (NFC) सक्षम उपकरण पर छुआने पर संबंधित ऑडियो गाइड स्वतः प्रारंभ हो जाती है, जिससे विरासत से जुड़ी जानकारी तक पहुँचना सरल और सहज हो जाता है। इस तकनीक के माध्यम से भौतिक विरासत एवं डिजिटल व्याख्या को एक साथ जोड़ा गया है। उदयपुर नगर निगम राजस्थान में आधुनिक तकनीकी से हेरीटेज वॉक आरम्भ करने वाला पहला निगम बना है।

 

Latest News