आज से फिर शुरू होंगे शहरी सेवा शिविर 2026,31 अगस्त तक अनवरत आयोजित होंगे। शिविर, एक ही छत के नीचे होंगे नगर निगम से जुड़े सभी कार्य।
आज से फिर शुरू होंगे शहरी सेवा शिविर 2026,31 अगस्त तक अनवरत आयोजित होंगे। शिविर, एक ही छत के नीचे होंगे नगर निगम से जुड़े सभी कार्य।
उदयपुर। राज्य सरकार के निर्देश पर नगर निगम द्वारा आमजन को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहरी सेवा शिविर 2026 का पुनः आगाज आज 21 जुलाई से किया जाएगा। नगर निगम के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित होने वाले यह शिविर 31 अगस्त तक निरंतर संचालित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से नगर निगम से संबंधित विभिन्न सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहरी सेवा शिविरों को पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। इन शिविरों में नगर निगम से संबंधित लंबित एवं आवश्यक कार्यों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। नागरिक अपने संपूर्ण दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
निम्न कार्य होंगे संपन्न
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शिविर में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र, नामांतरण, यूडी टैक्स से संबंधित कार्य, प्रकाश व्यवस्था संबंधी शिकायतें, स्वास्थ्य एवं सफाई संबंधी समस्याएं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े प्रकरण, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। जिन आवेदनों में आवश्यक दस्तावेज पूर्ण होंगे, उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित शहरी सेवा शिविरों को शहरवासियों का व्यापक समर्थन एवं सकारात्मक प्रतिसाद मिला था। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविरों में पहुंचकर अपने वर्षों से लंबित कार्यों का समाधान प्राप्त किया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। इसी अनुभव को देखते हुए राज्य सरकार ने शिविरों को पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया है, जिससे अधिकाधिक नागरिकों तक सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
निगम ने पूर्ण की सभी तैयारियां
नगर निगम प्रशासन द्वारा शिविर के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर स्थल पर उपस्थित रहकर नागरिकों के कार्यों का त्वरित निस्तारण करेंगे। साथ ही नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आयुक्त की शहरवासियों से अपील
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी शिविरों की जानकारी दें तथा नगर निगम से संबंधित किसी भी लंबित अथवा आवश्यक कार्य के लिए निर्धारित अवधि में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शहरी सेवा शिविर 2026 आमजन को राहत पहुंचाने और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।