शहरी सेवा शिविर 2026 का पच्चीसवां दिन,अंतिम दिन बड़ी संख्या में पहुंचे शहरवासी, विभिन्न योजनाओं का उठाया लाभ,यूडी टैक्स में 11.23 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त, 50 स्थानों पर स्ट्रीट लाइट संबंधी कार्यों का निस्तारण।
उदयपुर। नगर निगम के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 के पच्चीसवें एवं अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने लंबित एवं आवश्यक कार्यों का त्वरित निस्तारण कराया। शिविर के समापन दिवस पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे दिन नागरिकों की समस्याओं के समाधान में जुटे रहे। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से आमजन को त्वरित राहत मिली तथा अनेक पात्र हितग्राही राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आयोजित शहरी सेवा शिविर ने नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान हजारों शहरवासियों ने विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया तथा अंतिम दिन भी नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
50 स्थानों पर हुई स्ट्रीट लाइट संबंधी कार्रवाई
निगम उपायुक्त एवं शिविर प्रभारी नरेश सोनी ने बताया कि स्ट्रीट लाइट शाखा को 32 नए आवेदन प्राप्त हुए, जबकि लंबित प्रकरणों सहित कुल 50 स्थानों पर लाइटों की मरम्मत एवं नई लाइटें लगाने का कार्य पूरा किया गया, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में रोशनी की व्यवस्था सुदृढ़ हुई।
शिविर में हुए प्रमुख कार्य
शिविर के अंतिम दिन स्वास्थ्य शाखा से संबंधित प्राप्त 24 शिकायतों में से सभी 24 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से जुड़े 198 आवेदनों में से 168 प्रमाण-पत्र जारी किए गए। 25 ट्रेड लाइसेंस संबंधी प्रकरणों का निस्तारण किया गया। पर्यावरण संरक्षण के तहत 50 पौधे लगाए गए तथा ईडब्ल्यूएस (EWS) के 2 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसी के साथ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 70 महिला एवं पुरुषों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
यूडी टैक्स में 11.23 लाख रुपये की राशि जमा
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शिविर के दौरान यूडी टैक्स के 35 बिलों में सरकारी छूट का लाभ प्रदान करते हुए 11.23 लाख रुपये की राशि जमा कराई गई। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविर ने नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनसुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शिविर के सफल आयोजन में शहरवासियों के उत्साहपूर्ण सहयोग के लिए उन्होंने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।