शहरी सेवा शिविर 2026 का पंद्रहवां दिन,प्रतिदिन शहरवासी विभिन्न योजनाओं से हो रहे लाभान्वित
Date Published : 03 Jul 2026 12:42 PM

शहरी सेवा शिविर 2026 का पंद्रहवां दिन,प्रतिदिन शहरवासी विभिन्न योजनाओं से हो रहे लाभान्वित

उदयपुर। नगर निगम के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 के पंद्रहवें दिन भी सैकड़ों शहरवासियों ने पहुंचकर अपने लंबित एवं आवश्यक कार्य संपन्न करवाए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार नागरिकों को नगर निगम से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर त्वरित एवं सरलता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा हैं। गुरुवार को आयोजित पंद्रहवें दिन के शिविर में बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे तथा अपने विभिन्न कार्यों का निस्तारण करवाकर संतोष व्यक्त किया।


98 स्थानों पर बहाल हुई रोशनी
शिविर के दौरान स्ट्रीट लाइटों से संबंधित 114 शिकायतें प्राप्त हुईं। आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर विद्युत शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 98 स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था बहाल कर दी। शेष शिकायतों पर कार्यवाही प्रगति पर है। इससे लंबे समय से अंधेरे में रहने वाले क्षेत्रों के नागरिकों को राहत मिली है।

लंबे समय से लंबित कार्यों का हुआ निस्तारण
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शिविर में कई ऐसे प्रकरणों का निस्तारण किया गया जो किसी कारणों से निगम में ही लंबित थे जिसमें से नामांतरण के 10 प्रकरणों का निराकरण किया गया। सफाई व्यवस्था से संबंधित 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 70 शिकायतों का तुरंत ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष पर कार्यवाही जारी है।
इसके अतिरिक्त विवाह पंजीयन तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 170 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें दस्तावेज पूर्ण पाए जाने पर 133 आवेदकों को मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसी तरह सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्य के 10 प्रकरण का निस्तारण किया गया। शिविर में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग से 30 लोगो ने स्वास्थ्य का लाभ लिया।

Latest News