शहरी सेवा शिविर 2026 का तेरहवां दिन,प्रतिदिन शहरवासी विभिन्न योजनाओं से हो रहे लाभान्वित,यू डी टैक्स में 268 लोगों ने लिया सरकारी छूट का लाभ।
Date Published : 03 Jul 2026 12:35 PM

शहरी सेवा शिविर 2026 का तेरहवां दिन,प्रतिदिन शहरवासी विभिन्न योजनाओं से हो रहे लाभान्वित,यू डी टैक्स में 268 लोगों ने लिया सरकारी छूट का लाभ।

उदयपुर। नगर निगम के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 के तेरहवें दिन भी सैकड़ों शहरवासियों ने पहुंचकर अपने लंबित एवं आवश्यक कार्य संपन्न करवाए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार नागरिकों को नगर निगम से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर त्वरित एवं सरलता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा हैं। मंगलवार को आयोजित तेरहवें दिन के शिविर में बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे तथा अपने विभिन्न कार्यों का निस्तारण करवाकर संतोष व्यक्त किया।


105 स्थानों पर बहाल हुई रोशनी।
शिविर के दौरान स्ट्रीट लाइटों से संबंधित 122 शिकायतें प्राप्त हुईं। आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर विद्युत शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 105 स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था बहाल कर दी। शेष शिकायतों पर कार्यवाही प्रगति पर है। इससे लंबे समय से अंधेरे में रहने वाले क्षेत्रों के नागरिकों को राहत मिली है।

लंबे समय से लंबित कार्यों का हुआ निस्तारण।
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शिविर में कई ऐसे प्रकरणों का निस्तारण किया गया जो किसी कारणों से निगम में ही लंबित थे जिसमें से नामांतरण के 3 प्रकरणों का निराकरण किया गया। सफाई व्यवस्था से संबंधित 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 40 शिकायतों का तुरंत ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष पर कार्यवाही जारी है।
इसके अतिरिक्त विवाह पंजीयन तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 220 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें दस्तावेज पूर्ण पाए जाने पर 168 आवेदकों को मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसी तरह समाज कल्याण विभाग के 650 प्रकरणों, सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्य के 2 प्रकरण का निस्तारण किया गया। शिविर में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग से 41 लोगो ने स्वास्थ्य का लाभ लिया।

यू डी टैक्स में 268 लोगों ने लिया सरकारी छूट का लाभ।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार शिविर में शहरवासी विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। मंगलवार को यू डी टैक्स में 268 लोगो ने सरकारी छूट का लाभ प्राप्त कर 54,11,383 रूपये जमा करवाए।

4 ट्रेड लाइसेंस, 5 निर्माण स्वीकृति हुई जारी।
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार मंगलवार को शहरी सेवा शिविर के अंतर्गत चार आवेदकों को ट्रेड लाइसेंस जारी किया गया एवं पांच आवेदको को भवन निर्माण स्वीकृतियां जारी की गई। आवेदकों ने स्वीकृति  प्राप्त कर नगर निगम एवं राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Latest News