निगम ने शुरू की मानसून पूर्व तैयारियां, आयुक्त ने अधिकारियों के साथ किया सघन निरीक्षण,सभी नाले मानसून पूर्व होंगे साफ,372 नालों में से 193 की हुई सफाई,सभी अधिकारी कर्मचारियों को किया पाबंद, प्रतिदिन देनी होगी प्रगति रिपोर्ट
निगम ने शुरू की मानसून पूर्व तैयारियां, आयुक्त ने अधिकारियों के साथ किया सघन निरीक्षण,सभी नाले मानसून पूर्व होंगे साफ,372 नालों में से 193 की हुई सफाई,सभी अधिकारी कर्मचारियों को किया पाबंद, प्रतिदिन देनी होगी प्रगति रिपोर्ट
उदयपुर। मानसून के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति नहीं बने इसको लेकर नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर मानसून पूर्व शहर के सभी बड़े एवं छोटे नालों की सफाई का कार्य प्रारंभ करवा दिया गया है, यह कार्य तय समय अन्तराल में पूरा करने के सख्त निर्देश आयुक्त द्वारा दिए गए। आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शनिवार को चल रहे नाला सफाई कार्यों स्वयं निरीक्षण भी किया, इस दौरान उनके साथ अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, लखन लाल बैरवा, अधिशाषी अभियंता रितेश पाटीदार, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा, पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी आदि उपस्थित रहे।
आयुक्त ने किया निरीक्षण
आयुक्त अभिषेक खन्ना शनिवार सर्वप्रथम ओडी शोरूम के सामने स्थित नाले की सफाई का जायजा लेने पहुँचे वहां चल रहे कार्य की जानकारी लेकर आधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए, उसके बाद उन्होंने स्वर्णजयंती पार्क के सामने स्थित बड़े नाले की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। आयुक्त ने इस नाले को चैन माउंटिंग मशीन एवं जेसीबी मशीन की सहायता से सफाई करवाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने वही नाले के पास स्थित पार्क की दुर्दशा को देख गहरी नाराजगी व्यक्त कर जल्द पार्क में पौधारोपण कर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
डंपिंग यार्ड का किया निरीक्षण
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शनिवार को बलीचा स्थित डंपिंग यार्ड की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। आयुक्त ने वहां पर आने वाले वाहनों के बारे में जानकारी प्राप्त की साथ ही उन्होंने डोर टू डोर कचरा संग्रहण वाहनों की भी जांच की। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी कचरा संग्रहण वाहनों में गीला कचरा एवं सूखा कचरा अलग-अलग कंटेनर में भरकर आए अन्यथा उन वाहनों का कचरा डंपिंग यार्ड में खाली नहीं किया जाए। इस व्यवस्था को लेकर सभी एजेंसी को पाबंद करने के निर्देश दिए हैं। डंपिंग यार्ड पर सुरक्षा को लेकर भी आयुक्त सजग दिखे उन्होंने पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी को सुरक्षा गार्ड बढ़ाने के निर्देश दिए एवं अतिरिक्त कैमरे लगवाकर डंपिंग यार्ड के संपूर्ण क्षेत्र को कैमरे की जद में लेने के निर्देश दिए जिससे होने वाली संपूर्ण गतिविधि को मोबाइल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त कर सके।
जलभराव वाले क्षेत्रों का रखे विशेष ध्यान
आयुक्त ने नालो की सफाई को लेकर सभी सेक्टर प्रभारियों के साथ बैठक का आयोजन कर उनके क्षेत्र में आने वाले सभी छोटे बड़े बड़े नालों को मानसून पूर्व पूरी तरह साफ करने के लिए कहा गया हैं, इसी के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। निगम आयुक्त के अनुसार 3 दिन पूर्व सेवाश्रम स्थित बड़े नाले में चैन माउंटिंग मशीन उतारकर पूरे नाले को व्यवस्थित करने एवं उसमें जमा गंदगी को बाहर निकालने का कार्य भी प्रारंभ करवाया। शहर के अन्य बड़े नाले भी जे सी बी मशीन के द्वारा प्रतिदिन साफ हो रहे हैं। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन होने वाले कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।
शहर में नहीं भरे पानी ऐसी होगी व्यवस्था
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया है कि शहर में इस वर्ष कही भी जलभराव की समस्या नहीं हो ऐसी कयायद की जाए। नालों की सफाई में लापरवाही होने के कारण शहर में कई स्थानों पर जलभराव की समस्या होती है। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि पिछली बार जो त्रुटियां रह गई थीं उसमें सुधार कर मानसून में आमजन को कोई समस्या नहीं हो इसका विशेष ध्यान रखना है।
प्रतिदिन उठेगा मलबा
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने निर्देश देते हुए कहा कि नालों की सफाई के दौरान निकलने वाले मलबे को प्रतिदिन ही उस स्थान से हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कई बार नालों की सफाई के दौरान मलबे को बाहर सड़क पर निकाल कर रख दिया जाता है जो एक या दो दिन तक सड़क पर ही पड़ा रहता है, जिससे आमजन को समस्या होने के साथ-साथ शहर की सुंदरता को भी खराब होती है। आयुक्त ने नालों से निकलने वाली गंदगी को उसी दिन हटवाने के निर्देश भी दिए है।
372 नालों में से 193 की हुई सफाई
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि उदयपुर शहर में कुल 372 बड़े एवं छोटे नाले हैं। मानसून को देखते हुए कुछ समय पूर्व उनकी सफाई का कार्य प्रारंभ करवा दिया गया है। अभी तक 193 नालों की सफाई हो चुकी है एवं 30 जून से पहले तक सभी नालो कि सफाई हो जाए ऐसी व्यवस्था की जा रही है।
आयुक्त ने मांगा शहरवासियों से सहयोग
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने सफाई कार्य में शहर वासियों से सहयोग की अपील की है। आयुक्त ने शहर वासियों से अपील की है कि वो अपने घर का कूड़ा कचरा, रसोई घर से निकलने वाला गीला कचरा, सूखा कचरा केवल नगर निगम द्वारा निर्धारित किए गए वाहनों में ही डालें। इस कचरे को सड़क अथवा नालों में नहीं फेंके क्योंकि यही कचरा एवं प्लास्टिक की थैलियां नाली के माध्यम से बड़े नालों में जाकर पानी के बहाव में अवरोध पैदा करती है जिससे शहर में जलभराव की समस्या रहती है। शहरवासियों से अपेक्षा है कि नगर निगम द्वारा जो सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है उसमें उनका सक्रिय सहयोग रहेगा।