व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर कचरा मिलने पर निगम की सख्त कार्रवाई, लगाया जुर्माना,निगम आयुक्त ने सफाई व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश, लापरवाही मिलने पर होगी कार्यवाही।
Date Published : 22 May 2026 07:04 AM

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर कचरा मिलने पर निगम की सख्त कार्रवाई, लगाया जुर्माना,निगम आयुक्त ने सफाई व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश, लापरवाही मिलने पर होगी कार्यवाही।

उदयपुर। नगर निगम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क पर कचरा एवं गंदगी पाए जाने पर निगम प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया है। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

निगम स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा के संज्ञान में आया कि कुछ प्रतिष्ठानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-करकट एवं गंदगी फैलाई जा रही है जो कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं हथालन उपविधियां 2015 का उल्लंघन है। उक्त अधिनियम की अनुसूची ‘अ’ के अनुसार व्यवसायिक कॉम्पलेक्स, अस्पताल, होटल, सिनेमा हॉल, विश्रामगृह एवं सामुदायिक केंद्रों में स्वच्छता बनाए रखना तथा शौचालय एवं मूत्रालय की समुचित व्यवस्था करना अनिवार्य है।

निगम प्रशासन द्वारा कार्रवाई करते हुए हिंद इंटरप्राइजेज, ओमप्रकाश इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आनंद इलेक्ट्रॉनिक्स आदि प्रतिष्ठानों पर क्रमशः 2000,500,500 रुपए का जुर्माना लगाया गया तथा भविष्य में सड़क पर कचरा नहीं फेंकने की सख्त चेतावनी दी गई। निगम ने संबंधित प्रतिष्ठानों को यह भी निर्देशित किया कि वे अपने परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की नियमित सफाई सुनिश्चित करें तथा कचरे का उचित निस्तारण करें।

आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर उदयपुर बनाने में आमजन एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम आयुक्त ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें, कचरा निर्धारित कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।

Latest News