उदयपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान दिलाने को लेकर निगम की तैयारियां तेज,स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने निगम अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक,जनभागीदारी एवं सतत निगरानी से स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर
Date Published : 17 May 2026 09:39 AM

उदयपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान दिलाने को लेकर निगम की तैयारियां तेज,स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने निगम अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक,जनभागीदारी एवं सतत निगरानी से स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर

उदयपुर। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत राजस्थान सरकार द्वारा नियुक्त ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने शनिवार को नगर निगम उदयपुर कार्यालय में निगम अधिकारियों के साथ स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंक दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने को लेकर सुझाव साझा किए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि उदयपुर देश-विदेश के पर्यटकों की पहली पसंद बनने के साथ-साथ स्वच्छ शहर के रूप में भी अपनी विशेष पहचान बनाए, इसके लिए निगम लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे स्वच्छता कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उदयपुर में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक वातावरण दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर स्थान प्राप्त करने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास ही नहीं बल्कि आमजन की सक्रिय सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्कूलों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं व्यापारिक संगठनों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बैठक में बताया कि निगम द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है तथा सभी वाहनों को जीपीएस प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे नियमित निगरानी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाते हुए प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

बैठक में सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, उद्यानों के बेहतर रखरखाव, प्रतिबंधित प्लास्टिक पर प्रभावी कार्रवाई, नालियों एवं सड़कों की मरम्मत, डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण एवं शहर में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। ब्रांड एंबेसडर गुप्ता ने सुझाव दिया कि प्रत्येक वार्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण एवं समीक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि स्वच्छता कार्यों की गुणवत्ता निरंतर बनी रहे।

इस दौरान निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम कभी भी बिना पूर्व सूचना के उदयपुर शहर का निरीक्षण कर सकती है। टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था का मूल्यांकन करने के साथ-साथ शहरवासियों से फीडबैक भी लिया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपनी सहभागिता निभाएं।

बैठक में निगम उपायुक्त दिनेश कुमार मंडोवरा, अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, अधिशाषी अभियंता अखिल गोयल, रितेश पाटीदार, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा, सहित सभी सेक्टर अधिकारी, जमादार एवं निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Latest News