जिला कलक्टर ने निगम आयुक्त के साथ विकास कार्यों का किया निरीक्षण,शहर में चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण, एलिवेटेड रोड, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, गुलाब बाग सहित आधा दर्जन क्षेत्रों में किया निरीक्षण।
Date Published : 10 Apr 2026 12:43 PM

जिला कलक्टर ने निगम आयुक्त के साथ विकास कार्यों का किया निरीक्षण,शहर में चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण, एलिवेटेड रोड, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, गुलाब बाग सहित आधा दर्जन क्षेत्रों में किया निरीक्षण।

उदयपुर। उदयपुर जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने गुरुवार को निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के साथ शहर में चल रहे विभिन्न निर्माणाधीन एवं संचालित कार्यों का निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।


नगर निगम अभिषेक खन्ना ने बताया कि गुरुवार को जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निगम द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में जायजा लिया। जिला कलेक्टर ने शहर में एलिवेटेड रोड, गुलाब बाग पार्किंग, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, टॉय ट्रेन, गुलाब बाग उद्यान में सफाई कार्य निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति से अवगत हुए।

जिला कलक्टर ने सर्वप्रथम शहर में चल रहे एलिवेटेड रोड कार्य का अवलोकन किया और उसकी प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चल रहे कार्य की गति बनाए रखने के साथ-साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने को कहा जिससे आमजन को समय पर बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। एलिवेटेड रोड का कार्य वर्ष 2027 में संपूर्ण होना है इस हेतु प्रभारी अधिकारी को पाबंद किया है। अधिकारी कार्यकारी एजेंसी के साथ नियमित बैठक का आयोजन करेंगे एवं 15 दिन में जिला कलक्टर को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसके पश्चात उन्होंने गुलाब बाग स्थित पार्किंग स्थल का निरीक्षण करन्यायालय में चल रहे वाद के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इसके पश्चात जिला कलक्टर अग्रवाल एवं निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने पेयजल शुद्धिकरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। साथ ही ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की पुख्ता व्यवस्था रहे इसको लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुलाब बाग उद्यान में सफाई व्यवस्था का भी विशेष रूप से अवलोकन किया। जिला कलक्टर ने वहां साफ-सफाई के स्तर को बनाए रखने के साथ-साथ नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने जिला कलक्टर को अवगत करवाया कि हाल ही निगम बजट में गुलाब बाग विकास को लेकर अलग से बजट का प्रावधान रखा है इसके अंतर्गत अलग से कार्य संपन्न करवाए जाएंगे जिस पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त टॉय ट्रेन संचालन एवं उसकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने हेतु आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।  

निरीक्षण के दौरान निगम अधिशाषी अभियंता अखिल गोयल, दिनेश कुमार पंचोली आदि अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Latest News