नन्हे बच्चों के लिए निगम की अनूठी पहल,विजन से एक्शन तक, निगम बनाएगा शहर में 3 टोट-लॉट पार्क: नगर निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, जिला पुलिस की साझा बैठक का हुआ आयोजन, बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर हुई चर्चा
Date Published : 24 Mar 2026 07:33 PM

नन्हे बच्चों के लिए निगम की अनूठी पहल,विजन से एक्शन तक, निगम बनाएगा शहर में 3 टोट-लॉट पार्क:नगर निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, जिला पुलिस की साझा बैठक का हुआ आयोजन, बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर हुई चर्चा

उदयपुर। शहर को बाल-अनुकूल (चाइल्ड-फ्रेंडली) बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा मंगलवार को प्रोजेक्ट स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित कर शहर की नन्हे बच्चों के लिए महत्वपूर्ण एवं दूरगामी निर्णय लिए गए। बैठक में निगम अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, अधिशासी अभियंता शशि बाला सिंह, अखिल गोयल, अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग से जिला कार्यक्रम अधिकारी वैभव सरोहा, आईसीडीएस से गरिमा उपाध्याय, जिला ट्रैफिक पुलिस अशोक अंजना, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यकार्य से महेश चोपड़ा, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश टांक आदि उपस्थित रहे।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि चाइल्ड फ्रेंडली सेल, नगर निगम के सहयोग से आयोजित इस बैठक में ऐसे ठोस कदमों की घोषणा की गई, जो पायलट स्तर की पहल से आगे बढ़ते हुए उन्हें स्थायी स्वरूप प्रदान करेंगे। इन निर्णयों का मुख्य उद्देश्य शहर में रहने वाले नन्हे बच्चों के लिए बाल-अनुकूल योजना एवं विकास को शहर की नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना है, ताकि यह पहल केवल परियोजना तक सीमित न रहकर लंबे समय तक प्रभावी बन सके। बैठक में आयुक्त खन्नाने तीन प्रमुख संस्थागत व्यवस्थाओं को औपचारिक रूप से लागू करने की घोषणा की। इनमें चाइल्ड एंड फैमिली फ्रेंडली टॉयलेट इसके अंतर्गत शहर में बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुलभ शौचालय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही ‘पार्क्स एंड ओपन स्पेसेस डिजाइन चेकलिस्ट’ को अपनाया जाएगा, जिससे अधिकांश पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों का विकास बच्चों की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखते हुए किया जा सके।

नियुक्त होंगे बाल विकास कोऑर्डिनेटर।

नगर निगम में मंगलवार को शहर के बच्चों के चहुमुखी विकास को लेकर महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा शहर में 2 चाइल्ड डेवलपमेंट कोऑर्डिनेटर्स की नियुक्ति का निर्णय लिया गया है। यह कोऑर्डिनेटर चाइल्ड फ्रेंडली सेल को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह कदम शहर में बाल-अनुकूल विकास को संस्थागत मजबूती प्रदान करेगा।

नन्हे बच्चों के लिए शहर में बनेंगे तीन टोट-लॉट

मंगलवार को निगम में आयोजित बैठक में छोटे बच्चों के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए शहर में तीन विशेष टोट-लॉट पार्क विकसित करने का निर्णय लिया गया। ये पार्क अंबामाता, आकाशवाणी एवं एकलव्य पार्क में निर्मित किए जाएंगे। इन पार्कों में छोटे बच्चों के लिए उम्र के अनुकूल खेल सामग्री, सुरक्षित वातावरण तथा अभिभावकों के लिए अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी जिससे ये स्थान आदर्श पड़ोस बाल अनुकूल केंद्र बन सकें। यह पार्क अधिकतर आंगनवाड़ी केंद्र के समीप ही बनाए जाएंगे।

आयुक्त खन्ना ने वेनलियर फाउंडेशन द्वारा अर्बन95–नर्चरिंग नेबरहुड्स 2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे सतत प्रयासों पर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने प्रशंसा की है। इनके द्वारा सामुदायिक भागीदारी से सार्वजनिक स्थलों को सजीव किया जा रहा है तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इन प्रयासों के माध्यम से उदयपुर शहर एक ऐसे भविष्य की ओर अग्रसर है, जहां बाल-अनुकूल विकास अपवाद नहीं, बल्कि एक सामान्य और अनिवार्य मानक बन जाएगा।

Latest News