पार्किंग पर अवैध वसूली को लेकर निगम ने जारी किए संचालकों को नोटिस। लगाया जुर्माना, मांगा स्पष्टीकरण। पुनः शिकायत मिलने पर निरस्त होगा टेंडर
Date Published : 30 Oct 2025 11:09 AM

पार्किंग पर अवैध वसूली को लेकर निगम ने जारी किए संचालकों को नोटिस,लगाया जुर्माना, मांगा स्पष्टीकरण:पुनः शिकायत मिलने पर निरस्त होगा टेंडर

उदयपुर। शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थित निगम पार्किंग पर ठेकेदार द्वारा तय दरों से अधिक राशि वसूलने की शिकायत प्राप्त हुई थी, शहरवासियों एवं पर्यटकों के समक्ष निगम की छवि खराब हो रही थी जिस पर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए सभी सम्बंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के साथ ही शास्ति भी वसूली गयो है।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शहर में विभिन्न स्थानों पर आमजन एवं पर्यटकों की सुविधा हेतु नगर निगम द्वारा ठेकेदार के माध्यम से पार्किंग व्यवस्था संचालित की जा रही है। सभी पार्किंग संचालकों को निगम द्वारा तय की गई शर्तों के अनुसार ही कार्य करने हेतु पाबंद किया गया है, इसके बावजूद कुछ स्थानों पर निगम द्वारा तय की गई दरों के विपरीत संचालक द्वारा अतिरिक्त राशि वसूली जा रही थी जिसकी शिकायत प्राप्त होने पर सभी संचालकों के खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई अमल में लाई गई है। 

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार गुलाब बाग पी एच ई डी पार्किंग पर निजी फर्म को कार्यादेश जारी कर निविदा की शर्तो अनुसार ही कार्य संपादित करने हेतु सिक्योरिटी गार्डस उपलब्ध करवाने का कार्य दिया गया था। सिक्योरिटी गार्ड द्वारा निगम ने निर्धारित की दर से अधिक पार्किंग राशि वसूल की गई जिसकी शिकायत निगम में प्राप्त हुई। इस पर संबंधित फर्म से नियमानुसार जुर्माना वसूल करते हुए भविष्य में इसकी पुनरावृति नहीं हो इस हेतु पाबंद किया गया है। इसी के साथ माणिक्य लाल वर्मा पार्क, दीनदयाल पार्क व दूधतलाई पाल पर संचालक द्वारा भी तय दरों से ज्यादा राशि वसूली जा रही थी जिस पर संचालक के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 20,000 रुपए की शास्ति जमा करवाने का नोटिस जारी किया गया है।

इसी प्रकार वाहन पार्किंग स्थल पी.डब्ल्यू.डी. मोटर गैराज के पास पर संचालक द्वारा निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थल के बाहर सड़क मार्ग पर अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूल किए जाने की शिकायत प्राप्त हुए थी जिस पर कार्यरत संचालक के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 20,000 रुपए की शास्ति जमा करवाने का नोटिस जारी किया गया है। जगदीश चौक स्थित आसींद की हवेली ऊपर वाली पार्किंग पर ठेकेदार द्वारा निगम के बोर्ड को हटाने के साथ ही पर्यटक एवं आमजन से तय राशि से अधिक राशि वसूलने की शिकायत प्राप्त हुए। आयुक्त के अनुसार कुछ समय पहले भी इस पार्किंग स्थल की शिकायत प्राप्त हुई थी जिस पर संचालक को 24 घंटे में अपना पक्ष रखने का नोटिस जारी किया है।

हो सकते है टेंडर निरस्त

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि शहर में जितने भी पार्किंग स्थल नगर निगम के अंतर्गत संचालित किया जा रहे हैं वहां पार्किंग शुल्क निगम द्वारा निर्धारित किया गया है वही लिया जाए ऐसी व्यवस्था करनी है। यदि किसी भी संचालक द्वारा अतिरिक्त राशि वसूली गई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए, यदि एक से अधिक बार शिकायत प्राप्त हो रही है तो तत्काल निविदा रद्द करने की कार्रवाई की जाए जिससे शहरवासियों एवं पर्यटकों के मन में उदयपुर की स्वच्छ छवि प्रस्तुत की जा सके।

Latest News