नगर निगम शुरू करेगा जन जागरण अभियान,मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम हेतु शुरू करेगा अभियान,निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने की शहर वासियों से अपील,सफाई व्यवस्था में सहयोग को लेकर की अपील,लापरवाही करने वालो से वसूली जाएगा जुर्माना
Date Published : 30 Jun 2025 09:19 PM

उदयपुर। नगर निगम द्वारा शहर में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर मंगलवार से व्यापक स्तर पर जन जागरण अभियान चलाकर शहर वासियों से इन बीमारी से बचाव हेतु अपनाए जाने वाले उपाय से अवगत करवाएगा।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शहर में मच्छर जनित रोग जैसे डेंगू, मलेरिया आदि बीमारियां नहीं फैले और इन बीमारियों से कैसे बचा जा सकता है उसके बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से जनजागरण अभियान मंगलवार से शुरू किया जाएगा। आयुक्त ने बताया कि वर्षा काल में खड्डे में पानी भरने से यह बीमारियां तीव्र गति से फैलती है जो कई बार जानलेवा भी साबित हो रही है। नगर निगम द्वारा इसको रोकने में भरसक प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन जब तक शहरवासियों का सहयोग नहीं मिलेगा तब तक इस अभियान में सफलता नहीं मिल सकती है। इस कारण मंगलवार से स्वास्थ्य शाखा द्वारा जन जागरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। नगर निगम आयुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा के निर्देशन में सभी सेक्टर ऑफिसर एवं जमादार को अपने-अपने क्षेत्र में जन जागरण अभियान की शुरुआत करने के निर्देश दिए हैं। शहर के प्रत्येक वार्ड में कार्य करने वाले सफाई कर्मी प्रत्येक घर में कहीं पानी इकट्ठा नहीं हो कूलर एवं फ्रिज या अन्य स्थान पर जहां पानी इकट्ठा हो रहा है उन्हें बार-बार बदलने हेतु या उसमें मच्छर का लार्वा नहीं पनपे इस प्रकार के उपाय करने हेतु प्रेरित किया जाएगा। इसमें जो भी लापरवाही करेगा नगर निगम द्वारा उसके खिलाफ कार्यवाही भी की जायेगी।
आयुक्त ने की शहर वासियों से अपील
नगर निगम आयुक्त ने शहर वासियों से अपील करते हुए कहा है कि सभी शहरवासी अपने घरों में कहीं पर भी अधिक समय तक पानी को इक्केठा नहीं होने दे। इकट्ठे हुए पानी में ही मच्छर अपना लार्वा छोड़ते हैं जिससे मच्छर जनित होने वाले रोग जैसे डेंगू मलेरिया आदि अधिक मात्रा में फैलते हैं। नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर रोगों की रोकथाम हेतु कार्य किए जा रहे हैं लेकिन शहर वासियों के सहयोग बिना यह कार्य असंभव है।