यू डी टैक्स बकाया, निगम की बड़ी कार्यवाही,एक साथ सीज की 23 दुकानें, 1 होटल।
उदयपुर। नगर निगम द्वारा यूडी टैक्स वसूली को लेकर शुक्रवार को अभी तक की सबसे बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया। शुक्रवार को एक बार फिर से राजस्व शाखा द्वारा 1.9 करोड़ बकाया होने पर 23 दुकानों सहित एक होटल को सीज किया गया।
नगर निगम राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर ने बताया कि आयुक्त राम प्रकाश के निर्देश पर नगरीय विकास कर वसूलने को लेकर शुक्रवार को भी बड़ी कार्यवाही करते हुए 23 दुकानों सहित एक होटल को सीज किया गया। शुक्रवार को सुरजपोल चौराहा पर कृष्ण चन्द पांडे की संपत्ति में स्थित 23 दुकानें जिसका नगरीय विकास कर कुल 1,83,49,294/- बकाया था जिनको सीज किया गया। इसी के साथ टाऊन हॉल स्थित कंचन होटल जिसका भी 8,40,643/- नगरीय विकास कर बकाया था उसे भी सीज किया गया।
राजस्व अधिकारी भटनागर के अनुसार इनके द्वारा नगरीय विकास कर की राशि जमा नहीं कराने से नगर निगम द्वारा इन सभी की व्यावसायिक सम्पतियों पर ताला लगा इनकी व्यावसायिक गतिविधियाँ बन्द करा दी गई। निगम ने नोटिस में अंकित किया की नगरीय विकास एंव स्वायत शासन विभाग की अधिसूचना क्रमांक 5513 दिनांक 29.00.2007 एंव अधिसूचना क्रमांक 8884 व 9356 दिनांक 24.08.2016 के तहत के वर्ष 2007 से 2023 तक उक्त संपत्ति का नगरीय विकास कर की पूरी रकम बकाया है। संबंधित फर्मों द्वारा टैक्स बकाया रहने के लिए कोई संतोषप्रद का कारण भी नही बताया गया है। फर्म से कुल बकाया का नोटिस भी तामिल करवाया जा चुका था। सभी कार्यवाही पूरी करने के उपरांत निगम ने कार्यवाही करते हुए राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा की उपबंधो के अधिन यू डी टैक्स की वसूली की पूर्ती हेतु तीनों संपतियो को सीज करने की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान राजस्व अधिकारी के साथ सहायक प्रशासनिक अधिकारी विनोद अग्रवाल और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
हर हाल में होगी वसूली, छूट के केवल 2 दिन शेष, जमा करवाए यू डी टैक्स
नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि नगरीय विकास कर सरकार द्वारा हर हाल में वसूल किया जाएगा। 1 वर्ष पश्चात राज्य सरकार द्वारा इसमें छूट प्रदान की गई है जिसके केवल 2 दिन ही शेष है इसलिए शहरवासी इस छूट का लाभ लेवे। जिसे भी अपनी संपत्ति को सीज होने से बचाना है वह जल्द से जल्द नगर निगम में अपना बकाया यूडी टैक्स जमा करावे। अच्छा है सरकार द्वारा जो छूट दी जा रही है उसका लाभ लेते हुए अपना बकाया यूडी टैक्स जमा करावे।
सुबह सीज की दुकाने, शाम तक 13 दुकानों का टैक्स जमा
नगर निगम राजस्व अधिकारी नीतीश भटनागर ने बताया कि शुक्रवार को सवेरे नगरीय विकास कर बकाया चलते 23 दुकानों को सीज किया गया, वहीं एक ही दिन में शाम तक13 दुकानों का यू डी टैक्स नगर निगम को प्राप्त हो गया।
लगातार 3 दिन तक अवकाश लेकिन खुला रहेगा निगम में कार्यालय
नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि शहर वासियों की सुविधाओं को देखते हुए नगर निगम में स्थित यू डी टैक्स संग्रहण कार्यालय राजकीय अवकाश शनिवार, रविवार एवं सोमवार को भी खोलने के निर्देश दिए गए हैं। कोई भी शहर वासी इस दौरान निगम कार्यालय में पहुंचकर अपना बकाया यू डी टैक्स जमा करवा सकते हैं एवं सरकार द्वारा दी जा रही छूट का लाभ ले सकते हैं।